
संपादक: फहीम सिद्दीकी
फतेहपुर (बाराबंकी)। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जल जीवन मिशन के अंतर्गत जल संरक्षण एवं जल के समुचित उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर पंचायत परिसर में सोमवार को शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष इरशाद अहमद कमर एवं अधिशासी अधिकारी डॉ. अनुपम सिंह ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष इरशाद अहमद कमर ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और इसकी प्रत्येक बूंद अमूल्य है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि आज से ही जल बचाने की आदत विकसित की जाए तो भविष्य में जल संकट जैसी गंभीर समस्या से बचा जा सकता है।
अधिशासी अधिकारी डॉ. अनुपम सिंह ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा पानी के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक करना भी आवश्यक है। उन्होंने सभी से अपील की कि दैनिक जीवन में पानी की बर्बादी रोकें और जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने में अपना योगदान दें।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जल संरक्षण, जल स्रोतों की सुरक्षा तथा लोगों को इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली। इस मौके पर जफरुल इस्लाम पप्पू,अलीम शेख,मो हसीब,मोहित,सुधांशु आदि उपस्थित रहे।




