फतेहपुर में 10 दिवसीय ग्रीष्मकालीन चित्रकला कार्यशाला का समापन, कल लगेगी ‘नवा सृजन’ चित्र प्रदर्शनी
फ़तेहपुर बाराबंकी

संपादक: फहीम सिद्दीकी
फतेहपुर (बाराबंकी)। राज्य ललित कला अकादमी, संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश एवं लेफ्टिनेंट अनिरुद्ध शुक्ल पीजी कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 10 दिवसीय ग्रीष्मकालीन चित्रकला कार्यशाला का बुधवार को समापन हो गया।
कार्यशाला में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 60 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
वरिष्ठ कलाकार एवं कार्यशाला संयोजक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में प्रशिक्षक सोनाक्षी यादव, आराधना वर्मा तथा सहायक प्रशिक्षक अंजली वर्मा और अन्नपूर्णा वर्मा ने प्रतिभागियों को लोक कला, संस्कृति, चित्रकला की बारीकियों एवं विभिन्न कला पद्धतियों का प्रशिक्षण दिया।
कार्यशाला में तैयार की गई कलाकृतियों की प्रदर्शनी ‘नवा सृजन’ का उद्घाटन गुरुवार को किया जाएगा। प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्य ललित कला अकादमी के अध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री, अयोध्या श्रीराम मंदिर में श्रीरामलला की मूर्ति का स्वरूप तैयार करने वाले प्रख्यात कलाकार डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा, वरिष्ठ कलाकार डॉ. उमेंद्र प्रताप सिंह तथा डॉ. सुनीता शर्मा (प्रोफेसर, डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय) द्वारा किया जाएगा।
महाविद्यालय के अध्यक्ष उदय शुक्ला एवं प्रबंधक तरुण शुक्ला ने कार्यशाला की सफलता पर सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया।




