निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा कराने को लेकर निजी आईटीआई संस्थानों की बैठक संपन्न।
संपादक :फहीम सिद्दीकी

बाराबंकी। आगामी 6 जुलाई से आयोजित होने वाली अखिल भारतीय व्यवसायिक परीक्षा जुलाई-2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं नकल विहीन संचालन को लेकर जिले के निजी आईटीआई संस्थानों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता नोडल प्रधानाचार्य आशुतोष कुमार सिंह ने की। उन्होंने सभी संस्थानों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, अनुशासन तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में परीक्षा संबंधी तैयारियों, केंद्रों पर व्यवस्थाओं, अभ्यर्थियों के प्रवेश, दस्तावेजों के सत्यापन तथा नकल रोकने के प्रभावी उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सभी संस्थानों से परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग देने की अपील की गई।
इस अवसर पर प्राइवेट आईटीआई एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष फहीम सिद्दीकी, सुनील कुमार, मंद्रिका प्रसाद, अनीश वर्मा, दीपेंद्र श्रीवास्तव, हिमांशु सिंह, जितेंद्र कुमार, शिवकरण यादव, दीपचंद्र सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




