Welcome to Aaj ka Hindustan   Click to listen highlighted text! Welcome to Aaj ka Hindustan
यूपीलोकल न्यूज़
Trending

बाराबंकी: फतेहपुर के कार सर्विस सेंटर में ईओन कार में लगी भीषण आग, पेट्रोल पंप के पास टला बड़ा हादसा

सर्विसिंग के दौरान धधकी ईओन कार, स्थानीय लोगों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

संपादक: फहीम सिद्दीकी

रामनगर रोड स्थित सर्विस सेंटर की घटना, पेट्रोल पंप से चंद कदम दूर लगी आग; पुलिस ने शुरू की जांच।

फतेहपुर (बाराबंकी)। फतेहपुर कस्बे में बुधवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब रामनगर रोड स्थित सुरेश कोल्ड स्टोरेज के सामने संचालित एक कार सर्विस सेंटर में सर्विसिंग के दौरान एक ईओन कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। घटना स्थल के ठीक बगल में पेट्रोल पंप होने के कारण आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी जयप्रकाश मिहिर अपनी ईओन कार (UP 32 EH 6173) की सर्विसिंग कराने के लिए फतेहपुर कार सर्विस सेंटर पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सर्विसिंग के दौरान अचानक कार से धुआं निकलने लगा। इससे पहले कि कर्मचारी कुछ समझ पाते, आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना के बाद सर्विस सेंटर के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग की चपेट में आने से कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो उसकी लपटें पास स्थित पेट्रोल पंप तक पहुंच सकती थीं, जिससे बड़ा विस्फोट और भारी जनहानि हो सकती थी। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हालांकि फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया था। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

‘आज का हिंदुस्तान’आमजन से अपील करता है कि वाहन की सर्विसिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग और पुलिस को सूचना दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!