मसौली बाराबंकी: मसौली क्षेत्र में मान्यता के विपरीत कक्षाओं का संचालन किए जाने का मामला सामने आया है। इस पर शिक्षा विभाग ने एक मदरसा सहित चार विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। खंड शिक्षा अधिकारी ने संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है और नियमों के अनुरूप संचालन न होने पर उन्हें बंद करने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ विद्यालयों को केवल प्राथमिक स्तर तक की मान्यता प्राप्त थी, लेकिन वहां उच्च कक्षाओं का संचालन किया जा रहा था। मसौली चौराहे स्थित आनंद विहार कॉन्वेंट स्कूल को कक्षा 1 से 5 तक की मान्यता मिली थी, जबकि विद्यालय में नर्सरी से कक्षा 10 तक की पढ़ाई कराई जा रही थी।
जांच के दौरान विद्यालय में अग्निशमन यंत्र भी नहीं मिले। साथ ही वाहन फिटनेस सहित अन्य जरूरी दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
इसी प्रकार न्यू पब्लिक स्कूल में भी कक्षा 5 तक की मान्यता के बावजूद उच्च कक्षाओं का संचालन पाया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी जैनेन्द्र कुमार ने बताया सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है संतोषजनक जवाब न मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



