डीएम के निर्देश पर अवैध मीट कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 19 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी
मुख्य संपादक फहीम सिद्दीकी

बाराबंकी। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह के निर्देशानुसार जनपद में अवैध मीट कारोबार के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। संयुक्त मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की गठित टीम ने पुलिस बल के साथ नवाबगंज, हैदरगढ़, फतेहपुर, रामनगर, सिरौलीगौसपुर और रामसनेहीघाट तहसीलों समेत नगर पालिका क्षेत्रों में छापेमारी एवं निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान अस्वास्थ्यकर एवं अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य कारोबार संचालित करने वाले व्यापारियों को सुधार नोटिस जारी किए गए। वहीं बिना लाइसेंस एवं पंजीकरण के व्यवसाय संचालित करते पाए गए 09 खाद्य प्रतिष्ठानों को मौके पर ही बंद करा दिया गया। संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 58/63 के तहत वाद दायर किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई की जद में आए प्रतिष्ठानों में पीरबटावन, फैजुल्लागंज, हैदरगढ़, फतेहपुर, रामसनेहीघाट, सिरौलीगौसपुर, रामनगर और देवां क्षेत्र की मीट, चिकन एवं फिश शॉप शामिल रहीं। निरीक्षण के दौरान कुछ व्यापारियों द्वारा गलत श्रेणी के लाइसेंस पर कारोबार संचालित करते पाए जाने पर लाइसेंस संशोधन हेतु नोटिस भी जारी किए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित मानकों का पालन न करने वाले खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध संबंधित न्यायालय में वाद दायर कर सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।



