फतेहपुर में निःशुल्क कैंसर एवं सामान्य रोग परामर्श शिविर आयोजित, सैकड़ों मरीजों ने उठाया लाभ
चेयरमैन इरशाद अहमद कमर के सहयोग से कैम्प का आयोजन

संपादक: फहीम सिद्दीकी
फतेहपुर (बाराबंकी)। नगर पंचायत चेयरमैन इरशाद अहमद कमर के प्रयास से गुरुवार को डायमंड गेस्ट हाउस, ईदगाह रोड पर निःशुल्क कैंसर एवं सामान्य रोग परामर्श शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का आयोजन लखनऊ के चरक हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
शिविर का आयोजन प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक किया गया। इस दौरान प्रसिद्ध कैंसर सर्जन डॉ. जीशानुद्दीन अहमद एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। साथ ही विभिन्न जांचों पर विशेष छूट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
शिविर में मुंह एवं गले, स्तन, पेट, लीवर, फेफड़े, थायराइड, ब्लैडर, प्रोस्टेट और किडनी सहित विभिन्न प्रकार के कैंसर से संबंधित लक्षणों, जांच, उपचार और बचाव के बारे में मरीजों को विस्तार से जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने समय पर जांच और उपचार को कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय बताया।
इसके अलावा मरीजों को कीमोथेरेपी, इम्यूनोथेरेपी, टार्गेटेड थेरेपी और कैंसर सर्जरी से जुड़ी आधुनिक उपचार पद्धतियों की जानकारी भी दी गई। सामान्य रोगों से पीड़ित मरीजों को भी निःशुल्क परामर्श एवं दवा वितरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
स्थानीय लोगों ने इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर को जनहित में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने भाग लेकर विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श प्राप्त किया।
इस मौके पर सभासद मो सुहेल, अनिल शर्मा,मो हसीब अंसारी,मो इकबाल,अधिवक्ता राहिल खान,शुक्ला सभासद,अधिवक्ता अनवर अली,नदीम अहमद,जफरुल इस्लाम पप्पू,आफताब आलम,अलीम शेख, नायाब खान,मो हसीब,मो गुफरान,जीशान अंसारी,अंकित जोशी आदि उपस्थित रहे।




