निष्पक्ष पत्रकारिता की आवाज थमी, वरिष्ठ पत्रकार विजयराम जयसवाल का निधन।
फहीम सिद्दीकी

फतेहपुर बाराबंकी। कस्बे के लिए सोमवार का दिन अत्यंत दुखद रहा। क्षेत्र के जाने-माने वरिष्ठ पत्रकार विजयराम जयसवाल का लंबी बीमारी के बाद लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज में दोपहर के समय निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई और लोगों में गहरा दुख व्याप्त हो गया।
विजयराम जयसवाल काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका उपचार लखनऊ में जारी था। परिवारजन और शुभचिंतक उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे थे, लेकिन सोमवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। जैसे ही यह सूचना फतेहपुर कस्बे में पहुंची, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों में शोक की भावना फैल गई।
स्वर्गीय जयसवाल अपने मिलनसार स्वभाव, निष्पक्ष पत्रकारिता और समाज के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे। उन्होंने अपने पत्रकारिता जीवन में कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया और आमजन की आवाज को मंच प्रदान किया। उनकी सादगी और व्यवहार कुशलता के कारण वे हर वर्ग के लोगों में बेहद लोकप्रिय थे।
उनके निधन से न केवल पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति हुई है, बल्कि पूरे क्षेत्र ने एक सजग और संवेदनशील व्यक्तित्व को खो दिया है। उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है।
विजयराम जयसवाल अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटे सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्व विजयराम जयसवाल के निधन पर कुर्सी विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा,नगर पंचायत अध्यक्ष फतेहपुर इरशाद अहमद कमर,बेलहरा नगर पंचायत चेयरपर्सन प्रतिनिधि अयाज खां,वरिष्ठ पत्रकार राजेश जयसवाल,निजामुद्दीन,अधिवक्ता राम सिंह चौहान,अधिवक्ता राजीव नयन तिवारी,नसीम गुड्डू,पत्रकार नलिन निगम, मौलाना नसीम नदवी,प्रियंक शर्मा,सय्यद खालिद महमूद,मो गुफरान अंसारी, निशात मंसूरी एवं पंकज जैन ने शोक व्यक्त किया।



