इंदौर में 3 मई को ऑल इंडिया हज वेलफेयर सोसायटी को मिलेगा सम्मान।
दो दशकों से हज यात्रियों की सेवा में जुटी संस्था को हज टूर्स कॉर्पोरेशन करेगा सम्मानित, राष्ट्रीय महासचिव सैय्यद रियाज़ करेंगे एजाज़ कुबूल।
बुरहानपुर। हज के मुकद्दस सफर में ज़ायरीन की रहनुमाई और सेवा के लिए पिछले दो दशकों से सक्रिय ऑल इंडिया हज वेलफेयर सोसायटी को 3 मई (रविवार) को इंदौर में सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान हज टूर्स कॉर्पोरेशन की ओर से आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में प्रदान किया जाएगा, जिसे सोसायटी की ओर से राष्ट्रीय महासचिव सैय्यद रियाज़ प्राप्त करेंगे।
कार्यक्रम संयोजक एवं कॉर्पोरेशन के मालिक साबिर हुसैन साबरी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मौके पर हज यात्रा 2026 पर जाने वाले आज़मीन का इस्तकबाल किया जाएगा। साथ ही उनकी तरबियत (प्रशिक्षण) का भी आयोजन होगा, ताकि वे हज यात्रा को बेहतर तरीके से पूरा कर सकें।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में हज वेलफेयर सोसायटी सहित शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। यह कार्यक्रम 3 मई को छीपा देहलवी जमात खाना, बॉम्बे बाजार, इंदौर में सुबह 9 बजे से आयोजित होगा।
सोसायटी के पदाधिकारियों ने इस सम्मान को पूरी टीम की सामूहिक उपलब्धि बताया है। उनका कहना है कि यह सम्मान देशभर से जुड़े उन सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है, जिन्होंने हज यात्रियों की राह को आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
गौरतलब है कि ऑल इंडिया हज वेलफेयर सोसायटी वर्ष 2003 से हज सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है और वर्तमान में उसका नेटवर्क देश के 23 राज्यों में फैला हुआ है।