
फतेहपुर (बाराबंकी)। विधानसभा क्षेत्र 266 कुर्सी के ग्राम झांसा निवासी सड़क दुर्घटना पीड़ित परिवार को प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई। 24 मई को हुए हादसे में 4 लोगों की दर्दनाक मृत्यु हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल आरती चौहान पत्नी स्वर्गीय नीरज चौहान लखनऊ के एक निजी अस्पताल में जीवन संकट से जूझ रही हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर कुर्सी विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा एवं उपजिलाधिकारी कार्तिकेय सिंह अस्पताल पहुंचे और पीड़िता को तत्काल राहत देते हुए कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत 5 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। अधिकारियों ने कहा कि उपचार में किसी प्रकार की आर्थिक बाधा न आए, इसके लिए प्राथमिकता के आधार पर सहायता उपलब्ध कराई गई है।
इस दौरान जनसहयोग से भी पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दी गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की इस पहल की सराहना करते हुए घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।




