संपादक: फहीम सिद्दीकी
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए संचालित निःशुल्क ऑफलाइन कोचिंग केंद्रों में प्रवेश हेतु आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 12 जून 2026 तक आवेदन जमा कर सकते हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, UPSC, UPPSC, JEE, NEET एवं अन्य वन डे परीक्षाओं की तैयारी करने वाले मेधावी एवं परिश्रमी छात्र-छात्राओं के लिए जनपद मुख्यालय बाराबंकी में निःशुल्क कोचिंग संचालित की जा रही है।
यह कोचिंग राजकीय जिला पुस्तकालय, बाराबंकी तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बाराबंकी में संचालित है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित आवेदन पत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय जिला समाज कल्याण अधिकारी, विकास भवन, बाराबंकी में आवेदन जमा कर सकते हैं।
पात्रता के अनुसार, सिविल सेवा परीक्षा के लिए स्नातक अंतिम वर्ष में अध्ययनरत अथवा स्नातक उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकते हैं, जबकि अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कक्षा 12 उत्तीर्ण या अध्ययनरत अभ्यर्थी पात्र होंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों से योजना का लाभ उठाने की अपील की है।


