
संपादक: फहीम सिद्दीकी
बाराबंकी। सावन माह के अवसर पर सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव धाम पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक, दर्शन-पूजन एवं आरती की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में डमरू वादन के साथ उनका स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने स्थानीय कलाकारों का उत्साहवर्धन किया तथा निर्माणाधीन लोधेश्वर कॉरिडोर का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन कराया, उन्हें खिलौने और चॉकलेट वितरित किए तथा प्रदर्शनी का अवलोकन कर बच्चों के मॉडल की जानकारी ली। उन्होंने दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित की और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “विरासत सनातन धर्म की पहचान है। सनातन मूल्यों की रक्षा के लिए समय-समय पर अनेक महापुरुषों ने अपना सर्वस्व समर्पित किया है।” उन्होंने राजा बलभद्र सिंह, लाखन पासी, महाराजा बिजली पासी, महाराजा सुहेलदेव, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु गोबिंद सिंह महाराज के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि इन महापुरुषों ने देश, धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए संघर्ष किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोधेश्वर धाम प्रदेश की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु आते हैं। लंबे समय तक मंदिर के समुचित विकास पर ध्यान नहीं दिया गया, लेकिन अब सरकार काशी की तर्ज पर यहां भव्य कॉरिडोर का निर्माण करा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने भारत की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए लोधेश्वर कॉरिडोर सहित अनेक ऐतिहासिक स्थलों के विकास का कार्य शुरू किया है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ₹542 करोड़ से अधिक लागत की 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता भी प्रदान की। आशारानी और रीता (ब्लॉक रामनगर) की गोदभराई कराई गई, जबकि छाया देवी को कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए ₹4 लाख का चेक तथा हर्षिता वर्मा को मत्स्य विभाग की योजना के तहत ₹15 लाख का चेक प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि लोधेश्वर महादेव में जलाभिषेक के दौरान उन्हें कमल का फूल चढ़ाने का अवसर मिला, जो शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक, सांस्कृतिक और आधारभूत विकास को समान प्राथमिकता दे रही है तथा बाराबंकी को फोरलेन सड़क सहित अनेक विकास योजनाओं की सौगात मिली है।
लगातार हो रही बारिश के बावजूद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों की भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम में खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, पूर्व सांसद प्रियंका सिंह रावत, पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष रामसिंह वर्मा, ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी, चेयरमैन रामशरण पाठक सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।




