
संपादक: फहीम सिद्दीकी
फ़तेहपुर (बाराबंकी)। नगर पंचायत फ़तेहपुर के चेयरमैन इरशाद अहमद क़मर ने वार्ड संख्या 1 मे आने वाले इस्लाम नगर मोहल्ले का दौरा कर स्थानीय नागरिकों की समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में साफ-सफाई, जल निकासी, सड़क एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को देखा और वार्डवासियों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतें सुनीं।
निरीक्षण के दौरान चेयरमैन ने नगर पंचायत कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
वार्डवासियों ने भी अपनी विभिन्न समस्याओं से चेयरमैन को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। चेयरमैन ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर चौधरी यासीन, शरीफ, रवि, सैय्यद जफरूल इस्लाम पप्पू, मौलाना निजामुद्दीन, सभासद प्रतिनिधि एड अनवर अली,जलालुद्दीन राइन,अलीम शेख,मो फहीम,नायाब रसूल सहित अनेक स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




