जनगणना ड्यूटी में शिक्षकों की समस्याओं पर शिक्षक संघ ने सांसद व एमएलसी को सौंपा ज्ञापन
बाराबंकी उत्तर प्रदेश

संपादक: फहीम सिद्दीकी
बाराबंकी। जनगणना ड्यूटी के दौरान शिक्षकों को हो रही अव्यवस्थाओं और कठिनाइयों को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, बाराबंकी ने सांसद तनुज पुनिया तथा शिक्षक एमएलसी उमेश द्विवेदी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की।
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि मकान सूचीकरण कार्य के लिए शिक्षकों की ड्यूटी उनके कार्यक्षेत्र से कई किलोमीटर दूर लगाए जाने के कारण भीषण गर्मी में काम करना कठिन हो गया है। साथ ही कनिष्ठ शिक्षकों को सुपरवाइजर और वरिष्ठ शिक्षकों को प्रगणक बनाए जाने से शिक्षकों में असंतोष बढ़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि हाउस लिस्टिंग ब्लॉक आवंटन में एकरूपता नहीं होने से कहीं कम तो कहीं अत्यधिक कार्यभार दिया गया है, जिससे शिक्षकों में नाराजगी है। संगठन ने मांग की कि गर्मी को देखते हुए जनगणना कार्य के लिए अतिरिक्त समय दिया जाए तथा ग्रीष्मकालीन अवकाश में कराए जा रहे कार्य के बदले शिक्षकों को उपार्जित अवकाश दिया जाए।
शिक्षक संघ ने जनप्रतिनिधियों से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर शिक्षकों को राहत दिलाने की मांग की।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष डॉ. राकेश सिंह, जिला मंत्री उमानाथ मिश्र, जिला कोषाध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव, जिला आईटी सेल मीडिया प्रभारी दिलीप तिवारी, जिला मीडिया प्रभारी जय कुमार, जिला संगठन मंत्री रवि प्रताप भदौरिया, रामनगर ब्लॉक वरिष्ठ उपाध्यक्ष अयोध्या प्रसाद रावत, ब्लॉक उपाध्यक्ष फतेहपुर गुनित शर्मा सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



