फतेहपुर में बदहाल बिजली व्यवस्था पर फूटा जनाक्रोश, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
फतेहपुर बाराबंकी

संपादक: फहीम सिद्दीकी
फतेहपुर (बाराबंकी)। नगर पंचायत फतेहपुर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, बार-बार फेज जाने और ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश सामने आया। बुधवार को क्षेत्र के नागरिकों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) फतेहपुर को ज्ञापन सौंपकर विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि नगर में लगातार हो रही बिजली कटौती और लो-वोल्टेज के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। भीषण गर्मी और उमस के बीच अधिकांश परिवारों के पास इन्वर्टर जैसी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है, जिससे लोगों को रातभर घरों से बाहर निकलकर समय बिताने को मजबूर होना पड़ रहा है। साथ ही कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों पर अधिक भार होने से बार-बार फॉल्ट और फेज की समस्या उत्पन्न हो रही है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि रात में बार-बार फेज जाने की समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए। मस्तान रोड, नालापार दक्षिणी, मछली मंडी, ब्रह्मणीटोला, पुलिस चौकी, पंचवधरा, सराय बाजार, पटेल चौराहा तथा बाबूराम कुमार होटल के सामने सहित विभिन्न स्थानों पर लगे जर्जर ट्रांसफार्मरों एवं विद्युत उपकरणों को बदला जाए तथा आवश्यकता के अनुसार अधिक क्षमता वाले नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएं। इसके अलावा मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप अनावश्यक बिजली कटौती पर प्रभावी रोक लगाने की भी मांग उठाई गई।
ज्ञापन सौंपने वालों में समाजसेवी शाकिर बहलीमी, सभासद प्रतिनिधि सौरभ वर्मा, अधिवक्ता अनवर अली, अधिवक्ता फरहान उल्लाह, पूर्व सभासद मो. वैस, अयान, इसरार सहित अन्य स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।



