“सरदार बेअन्त सिंह एक व्यक्ति नहीं, बल्कि विचारधारा का नाम थे” – जिला जज
बाराबंकी उत्तर प्रदेश

संपादक : फहीम सिद्दीकी
बाराबंकी, 02 जून। जिला बार एसोसिएशन, बाराबंकी के पूर्व अध्यक्ष एवं लखनऊ विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष रहे वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय सरदार बेअन्त सिंह की 17वीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को जिला बार एसोसिएशन सभागार में स्मृति दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश श्रीमती प्रतिमा श्रीवास्तव ने कहा कि सरदार बेअन्त सिंह केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा थे। उन्होंने कहा कि उनके व्यक्तित्व और कार्यों के बारे में जो जानकारी उन्हें प्राप्त हुई, उससे स्पष्ट है कि वे एक संस्थान के समान थे, जिनका जीवन समाज और न्याय व्यवस्था के लिए समर्पित रहा।
अपर जिला जज प्रथम विनय कुमार सिंह ने अपने छात्र जीवन और बाराबंकी में पहली नियुक्ति के दौरान सरदार बेअन्त सिंह से जुड़े अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनकी सूझबूझ और नेतृत्व क्षमता ने अनेक अवसरों पर अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों को कठिन परिस्थितियों से बाहर निकालने का कार्य किया।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती सुधा सिंह ने कहा कि सरदार बेअन्त सिंह सदैव युवाओं के प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि युवावस्था उम्र से नहीं, बल्कि ऊर्जा, कर्मठता और सपनों से निर्धारित होती है, और सरदार बेअन्त सिंह इसका उत्कृष्ट उदाहरण थे।
जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष मुचकुन्द सिंह वर्मा ने कहा कि सरदार बेअन्त सिंह का जीवन संघर्ष, जनआंदोलनों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रहा। वे एक सफल अधिवक्ता होने के साथ-साथ जनसमस्याओं के प्रति अत्यंत संवेदनशील और सजग थे।
पूर्व अध्यक्ष बृजेश दीक्षित एडवोकेट ने बताया कि राष्ट्रभाषा हिंदी के समर्थन में चलाए गए आंदोलनों में उनकी सक्रिय भूमिका रही और उन्होंने अपने संघर्ष तथा लोकप्रियता के बल पर लखनऊ विश्वविद्यालय छात्रसंघ के महामंत्री एवं अध्यक्ष पद तक पहुंचकर बाराबंकी का नाम रोशन किया।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रमन लाल द्विवेदी और महामंत्री प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने भी उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने युवा अधिवक्ताओं को सदैव संरक्षण और मार्गदर्शन प्रदान किया।
अधिवक्ता हुमायूं नईम खान के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों, पूर्व पदाधिकारियों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं, समाजसेवियों तथा बड़ी संख्या में प्रबुद्धजनों ने भाग लेकर स्वर्गीय सरदार बेअन्त सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के अंत में उनके पुत्र सरदार आलोक सिंह एवं सरदार राजा सिंह एडवोकेट ने उपस्थित सभी अतिथियों और श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों का आभार व्यक्त किया।




