
संपादक: फहीम सिद्दीकी
फतेहपुर (बाराबंकी)। ज्येष्ठ माह के आठवें बड़े मंगल पर मंगलवार को फतेहपुर एवं बाराबंकी के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। हनुमान भक्तों ने विभिन्न स्थानों पर भव्य भंडारों का आयोजन कर श्रद्धालुओं एवं राहगीरों को प्रसाद वितरित किया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय परिसर में क्षेत्राधिकारी जगतराम कनौजिया एवं पुलिस स्टाफ द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया, जहां पूड़ी-सब्जी, बूंदी, शरबत और शीतल जल का वितरण किया गया। वहीं मोहल्ला मोलवीगंज स्थित बड़े हनुमान मंदिर, मसूदपुर गांव के ब्रह्मदेव आश्रम, माता प्रसाद भूरामल बंडे के पास, सिहाली रोड स्थित एकलव्य लाइब्रेरी तथा ब्राह्मणी टोला के बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर समेत अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई।
मसूदपुर गांव स्थित ब्रह्मदेव आश्रम के हनुमान मंदिर में इंद्रजीत वर्मा के नेतृत्व में पूड़ी-सब्जी और बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया। वहीं माता प्रसाद भूरामल बंडे के पास अनिल अग्रवाल एवं उनके परिवार द्वारा आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
सिहाली रोड स्थित एकलव्य लाइब्रेरी के संचालक एस. गुप्ता, मानस एवं उनके परिवार द्वारा आयोजित भंडारा विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। यहां राजमा-चावल, छोला-चावल, कढ़ी-चावल तथा आइसक्रीम का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में युवाओं, बच्चों और राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजकों की सराहना की।
मोहल्ला ब्राह्मणी टोला स्थित बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में संतोष मिश्रा, अशोक रस्तोगी, मनीष श्रीवास्तव एवं अन्य श्रद्धालुओं के सहयोग से भंडारा आयोजित किया गया। पूरे दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और प्रसाद वितरण का क्रम चलता रहा।
कस्बे तथा आसपास के गांवों में भी सैकड़ों स्थानों पर बड़े मंगल के अवसर पर भंडारों का आयोजन किया गया।




